इस बार मनायें कुछ अलग अंदाज में करवाचौथ, बन रहे हैं 4 शुभयोग एक साथ मिलेगा लाभ

     भारतीय वैदिक परम्परा के अनुसार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को मनाया  जाता है करवा चौथ का व्रत। यह व्रत सुहागिन स्त्रियों के लिए बेहद विशिष्ट माना  गया है। इस दिन विवाहित स्त्रियां अपने पति की दीर्घायु और सुखमय दांपत्य जीवन के लिए निर्जला यानि बिना अन्न और जल का व्रत रखती हैं। करवा चौथ को कई जगह करक चतुर्थी के नाम से भी जाना जाता है। इस बार यह व्रत 19 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इस पावन व्रत पर अबकी बार 4 शुभ संयोग बन रहे हैं। यह पर्व बुधवार के दिन रोहिणी नक्षत्र में आ रहा है। ज्योतिष शास्त्र अनुसार चंद्रमा रोहिणी नक्षत्र में उदय होगा और अपनी उच्च राशि वृषभ में रहेगा वहीं बुध अपनी कन्या राशि में रहेगा। इसी दिन गणेश चतुर्थी और भगवान श्रीकृष्ण का रोहिणी नक्षत्र भी है। बुधवार गणेशजी और कृष्णजी दोनों का दिन है। ये अद्भुत संयोग करवा चौथ के व्रत को और भी शुभ फलदायी बना रहा है। ज्योतिष शास्त्र अनुसार अद्भुत संयोग तो कई बार बनते है लेकिन इसी दिन गणेश चतुर्थी और कृष्ण जी का रोहिणी नक्षत्र भी है। यह अद्भुत संयोग करवाचौथ व्रत पति की लंबी उम्र के साथ संतान सुख प्रदान करेगा। करवा चौथ का व्रत अखण्ड सौभाग्य की कामना के लिए महिलाएं करेंगी।

व्रत की विधि
सुबह स्नान कर अपने पति की लंबी आयु, बेहतर स्वास्थ्य व अखंड सौभाग्य के लिए संकल्प लें। बिना कुछ खाए-पिए रहें। शाम को पूजन स्थान पर एक साफ लाल कपड़ा बिछाकर उस पर भगवान शिव-पार्वती, स्वामी कार्तिकेय व भगवान श्रीगणेश की स्थापना करें। पूजन स्थान पर मिट्टी का करवा भी रखें। इस करवे में थोड़ा धान व एक रुपए का सिक्का रखें। इसके ऊपर लाल कपड़ा रखें। इसके बाद सभी देवताओं का पूजन कर लड्डुओं का भोग लगाएं। भगवान श्रीगणेश की आरती करें। जब चंद्रमा उदय हो जाए तो चंद्रमा का पूजन कर अर्घ दें। इसके बाद अपने पति के चरण छुएं व उनके मस्तक पर तिलक लगाएं। पति की माता अर्थात अपनी सास को अपना करवा भेंट कर आशीर्वाद लें। यदि सास न हों तो परिवार की किसी अन्य सुहागिन महिला को करवा भेंट करें।

ज्योतिषीय उपाय :-
करवा चौथ के दिन भगवान श्रीगणेश, चंद्रमा व पति का पूजन एवं दर्शन किया जाता है। पुराणों के अनुसार, चतुर्थी तिथि के स्वामी भगवान श्रीगणेश हैं इसलिए अगर इस तिथि पर श्रीगणेश को प्रसन्न करने के लिए राशि अनुसार कुछ विशेष ज्योतिषीय उपाय किए जाएं तो बहुत ही शुभ फल प्राप्त होता है। ये उपाय पति-पत्नी दोनों कर सकते हैं। जानिए अपनी राशि अनुसार कुछ विशेष उपाय

मेष राशि
मेष राशि वाले लोग इस दिन भगवान गणेशजी पर सिंदूर चढ़ाएं। ऊं गं गणपतये नम: का 108 बार जाप करें। ऐसा करने से समस्त विघ्न संकट का निवारण होता है और धन-धान्य की प्राप्ति होती है।

वृषभ राशि
वृषभ राशि वाले लोग करवा चौथ के दिन श्रीगणेशजी को सफेद फूल पर इत्र लगाकर नौ दूर्वा के साथ लड्डू का भोग लगाएं। पूजा करते समय ऊँ गं ऊँ गं मंत्र का जाप करें। इस प्रकार श्रीगणेश का पूजन करने पर सभी कार्य में सफलता व सिद्धि प्राप्त होगी।

मिथुन राशि
मिथुन राशि वाले लोगों के लिए हरी गणेश प्रतिमा की दूर्वा की माला बनाकर ऊं श्री गं गणाधिपतये नम: 108 बार बोल कर चढ़ाना चाहिए। भगवान श्रीगणेश को गुड़ का भोग लगाएं।

कर्क राशि
कर्क राशि वाले लोगों के लिए गणेशजी को प्रसन्न करने के लिए सफेद आंकड़े के पुष्प की माला बनाकर साथ में दूर्वा की जड़ बांधकर अर्पित करें। ऊं श्री श्वेतार्क देवाय नम: का जाप कम से कम 108 बार करें। मोदक के नैवेद्य पर थोड़ा सा मक्खन चढ़ाएं। इस प्रकार भगवान गणेश की पूजा करने से सभी मनोकामना पूरी होती है।

सिंह राशि
सिंह राशि वाले लोगों के लिए श्रीगणेश पर 108 दूर्वा कुमकुम में रंग कर चढ़ाएं। गुड़ की 11 गोली बनाकर भगवान गणेशजी को अर्पण करें जिससे चहुंमुखी विकास होगा।

कन्या राशि
कन्या राशि वाले लोगों को इस दिन भगवान गणेश के मंदिर में हरे मूंग व गुड़ का दान करें। श्री वक्रतुंडाय नम: मंत्र का 108 बार जाप करें। इस तरह श्रीगणेश का पूजन करने से आपको सभी कार्यों में सफलता प्राप्त होगी।

तुला राशि
तुला राशि वाले लोगों को इस दिन सवाया लड्डू का भोग श्रीगणेश को लगाएं। दूर्वा व फूल भी चढाएं। श्रीगणेश स्त्रोत का पाठ करना भी श्रेष्ठ होता है।  जिससे सभी संकटों का निवारण होकर इच्छित मनोकामना पूर्ण होती है।

वृश्चिक राशि
करवा चौथ पर वृश्चिक राशि वाले लोगों को श्रीगणेशजी पर लाल रंग से रंगे चावल अर्पण करने चाहिए। श्री विघ्नहरण संकट हरणायनम: का जाप करें, जिससे समस्त मनोकामना पूरी हो सके।

धनु राशि
धनु राशि वाले लोगों को करवा चौथ पर गणेशजी की आराधना करना चाहिए। हल्दी की पांच गठान श्री गणाधिपतये नम: बोलते हुए चढ़ाएं। इस प्रकार पूजा करने पर भगवान श्रीगणेश सभी कामनाएं पूरी करते हैं।

मकर राशि
मकर राशि वाले लोगों को भगवान श्रीगणेश को काले तिल अर्पण करने चाहियें। दूर्वा व लाल रंग के फूल पर इत्र लगाकर श्री गणेशाय नम: का जाप करके श्रीगणेशजी को अर्पण करें। जिससे समस्त विघ्न का निवारण हो सके। गणपति अर्थवशीर्ष का पाठ करें।

कुंभ राशि
कुंभ राशि वाले लोगों को करवा चौथ पर श्रीगणेश को सिंदूर का तिलक लगाएं व उनके मस्तक के मध्य में हल्दी का तिलक लगाएं। ऊँ गं गणपतयै नम: का जाप करें।

मीन राशि
मीन राशि वाले लोगों को पीले रंग के धागे में पीले पुष्प व दूर्वा की माला बनाकर श्री गणेशजी को अर्पण करनी चाहिए। ऊं गं गं गं गं गं श्री गजाय नम: का जाप करें।

Comments

Popular Posts